कांग्रेस ने हरियाणा टीईटी परीक्षा में व्यापक अनियमितताओं का आरोप लगाया

Ads

कांग्रेस ने हरियाणा टीईटी परीक्षा में व्यापक अनियमितताओं का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 05:17 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 05:17 PM IST

(फोटो के साथ)

चंडीगढ़, पांच जुलाई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी) में ‘बड़े पैमाने पर अनियमितताओं’ का रविवार को आरोप लगाया और परीक्षा रद्द कराकर दोबारा कराने की मांग की।

सुरजेवाला ने दावा किया कि चार जुलाई को हरियाणा के 238 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित स्नातकोत्तर शिक्षक (पीजीटी) परीक्षा में कथित तौर पर प्रश्नपत्र लीक, प्रश्नपत्र के पैकेट की टूटी सील, ओएमआर शीट और प्रश्नपत्र के क्रमांक में गड़बड़ी, गलत प्रश्नपत्र दिए जाने तथा छपाई और टाइपिंग की कई गलतियां सामने आईं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी एचटीईटी लेवल-3 परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित किया गया है। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी के सांगलो और सूरज स्कूल समेत कई परीक्षा केंद्रों तथा चरखी दादरी के कुछ केंद्रों पर प्रश्नपत्रों के पैकेट की सील टूटी हुई मिली।

उन्होंने कहा, “परीक्षा कक्ष के निरीक्षकों ने अभ्यर्थियों से कहा कि उन्हें हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से पैकेट इसी हालत में मिले थे।”

सुरजेवाला ने कहा कि चरखी दादरी के सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) और नोडल अधिकारी ने सील टूटी हुई होने की बात स्वीकार की और कथित तौर पर कहा कि इसकी जिम्मेदारी शिक्षा बोर्ड की है।

कांग्रेस नेता ने रेवाड़ी और कैथल के परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट के क्रमांक अलग-अलग होने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ अभ्यर्थियों को शुरुआत में दूसरे अभ्यर्थियों के रोल नंबर वाली ओएमआर शीट दे दी गई थी, जिसे आपत्ति के बाद बदल दिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में अतिरिक्त ओएमआर शीट उपलब्ध थीं, जिससे परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि रेवाड़ी में अंग्रेजी पीजीटी परीक्षा देने वाले कुछ अभ्यर्थियों को पहले अर्थशास्त्र का प्रश्नपत्र दे दिया गया था, जिसे बाद में बदल दिया गया।

सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्रों में कई गलतियां थीं। उन्होंने कहा कि इनमें हिंदी व्याकरण के एक प्रश्न में जरूरी वाक्य का नहीं होना और अंग्रेजी के शब्दों की वर्तनी की गलतियां शामिल हैं।

उन्होंने दावा किया कि कॉमर्स के प्रश्नपत्र में प्रश्नों की क्रम संख्या भी गलत थी।

सुरजेवाला ने पीजीटी परीक्षा रद्द करके दोबारा कराने की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा की तैयारी करने वाले हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर लगा है।

उन्होंने प्रश्नपत्र के पैकेटों की टूटी सील के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों और कथित प्रश्नपत्र लीक में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राज्य के युवाओं से माफी मांगें और कथित गड़बड़ियों की जिम्मेदारी स्वीकार करें।

इस मामले में अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

भाषा जोहेब देवेंद्र

देवेंद्र