गुवाहाटी, तीन सितंबर (भाषा) असम में विपक्षी दल कांग्रेस ने अखिल गोगोई के नेतृत्व वाले रायजोर दल के साथ सभी संबंध समाप्त करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की।
कांग्रेस ने इसके लिए ‘‘गठबंधन की मर्यादा के उल्लंघन” को कारण बताया।
पार्टी ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई के निर्देश पर लिया गया यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
पार्टी ने बताया कि इस संबंध में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के महासचिव (संगठन) रमन्ना बरुआ द्वारा हस्ताक्षरित एक परिपत्र बुधवार को जारी किया गया।
कांग्रेस ने कहा कि उसने पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले अखिल भारतीय वामपंथी दलों और रायजोर दल समेत कई क्षेत्रीय दलों के साथ चुनावी गठबंधन किया था और इसका उद्देश्य “सांप्रदायिक ताकतों” के खिलाफ एकजुट विपक्ष पेश करना था।
इसने आरोप लगाया, ‘‘हालांकि इस अवधि के दौरान रायजोर दल का नेतृत्व लगातार कांग्रेस पार्टी के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण प्रचार और चरित्र हनन में लगा रहा, जिससे गठबंधन के नियमों और मर्यादा का उल्लंघन हुआ।’’
रायजोर दल के नेतृत्व की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
कांग्रेस और रायजोर दल पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान छह दलों वाले विपक्षी गठबंधन का हिस्सा थे। कांग्रेस और रायजोर दल ने 126 सदस्यीय विधानसभा में क्रमशः 19 और दो सीट जीती थीं।
भाषा
देवेंद्र मनीषा
मनीषा