नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को अपने संगठन में फेरबदल करते हुए पार्टी महासचिव गुलाम अहमद मीर को तमिलनाडु और पुडुचेरी का प्रभारी नियुक्त किया।
इसके साथ ही, पार्टी ने प्रकाश जोशी को पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दोनों नेताओं की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से की है।
जम्मू कश्मीर से ताल्लुक रखने वाले मीर अबतक पश्चिम बंगाल के प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे। वह जम्मू कश्मीर विधानसभा के सदस्य भी हैं।
उत्तराखंड से संबंध रखने वाले जोशी इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में सचिव की भूमिका निभा चुके हैं।
भाषा हक नोमान पवनेश
पवनेश