गुरुग्राम में विवाद के बाद युवक पर चाकू से हमला, तीन लोग गिरफ्तार

Ads

गुरुग्राम में विवाद के बाद युवक पर चाकू से हमला, तीन लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 08:52 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 08:52 PM IST

गुरुग्राम, आठ जुलाई (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने मामूली झगड़े में चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या करने की कोशिश करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने सेक्टर 53 थाने में शिकायत दर्ज कराई और बताया कि वह अपने दोस्त सागर के साथ मंगलवार को सेक्टर 52 के कोयल विहार इलाके में एक खुली जगह पर गया था, जहां कुछ लोग शराब पी रहे थे।

शिकायतकर्ता ने बताया कि दोनों गुटों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, जिसके दौरान एक आरोपी ने सागर के पेट में कथित तौर पर चाकू मार दिया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से भाग गए।

शिकायत के आधार पर सेक्टर 53 थाने में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बुधवार को घाटा गांव के झुग्गी इलाके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बांदा निवासी आदित्य (25), मध्यप्रदेश के छतरपुर निवासी पंकज (26) और उत्तर प्रदेश के हमीरपुर निवासी देवेंद्र (19) के तौर पर हुई है।

पुलिस ने बताया कि ये तीनों गुरुग्राम के घाटा गांव में किराए के मकान में रह रहे थे।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, “…मंगलवार को आरोपी शराब पी रहे थे, तभी शिकायतकर्ता और उसके दोस्त के साथ उनकी बहस हो गई, जिसके बाद उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों से पूछताछ जारी है।”

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश