उच्च न्यायालय अगले सप्ताह महुआ मोइत्रा के पालतू कुत्ते के संरक्षण विवाद पर सुनवाई करेगा

Ads

उच्च न्यायालय अगले सप्ताह महुआ मोइत्रा के पालतू कुत्ते के संरक्षण विवाद पर सुनवाई करेगा

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 08:48 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 08:48 PM IST

नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) दिल्ली उच्च न्यायालय ने बुधवार को कहा कि वह अगले सप्ताह तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा और वकील जय अनंत देहाद्राई के बीच एक पालतू रॉटवीलर कुत्ते के संरक्षण से जुड़े विवाद पर सुनवाई करेगा।

सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जसमीत सिंह ने देहाद्राई के वरिष्ठ वकील से पूछा कि क्या वह महुआ मोइत्रा को हेनरी नामक पालतू जानवर से मिलने की अनुमति देने के लिए सहमत हैं।

वरिष्ठ वकील ने हालांकि संकेत दिया कि ऐसी व्यवस्था संभव नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘कुत्ते के हित को देखते हुए इसके पीछे एक बहुत अच्छा कारण है। मुझे धमकाने का प्रयास किया गया था।’’

न्यायाधीश ने कहा, ‘‘हम इस मामले की सुनवाई अगले सप्ताह करेंगे। दोनों पक्षों को पांच-पांच मिनट का समय दिया जायेगा।’’

मोइत्रा ने जिला अदालत में देहाद्राई के खिलाफ मुकदमा दायर कर पालतू कुत्ते के साझा संरक्षण के लिए उनके बीच हुए मौखिक समझौते के विशेष रूप से निष्पादन का आग्रह किया था।

उच्च न्यायालय के समक्ष उन्होंने जिला अदालत के उस आदेश को चुनौती दी, जिसमें पालतू जानवर के साझा संरक्षण पर अंतरिम आदेश पारित करने से इनकार कर दिया गया था।

मोइत्रा ने अंतरिम व्यवस्था के तौर पर हर महीने 10 दिन के लिए हेनरी का संरक्षण मांगा था।

जिला अदालत ने 10 नवंबर, 2025 को कहा था कि हर महीने 10 दिनों के लिए हेनरी के साझा संरक्षण को लेकर मोइत्रा के पक्ष में प्रथमदृष्टया कोई मामला नहीं बनता है और उसने उनके पक्ष में अंतरिम आदेश पारित करने से इनकार कर दिया था।

भाषा

देवेंद्र अविनाश

अविनाश