शाह को विपक्ष की भावना से अवगत कराने के सभापति के निर्देश का पालन करें रीजीजू: कांग्रेस

Ads

शाह को विपक्ष की भावना से अवगत कराने के सभापति के निर्देश का पालन करें रीजीजू: कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 06:54 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 06:54 PM IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू को राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन के उस निर्देश का पालन करना चाहिए, जिसमें उन्होंने कहा है कि गृह मंत्री अमित शाह की सदन में मौजूदगी की मांग कर रहे विपक्ष की भावना से शाह को अवगत कराया जाए।

राज्यसभा के सभापति ने रीजीजू से कहा कि वह सदन में गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी की मांग कर रहे विपक्ष की ‘‘भावनाओं से गृह मंत्री को अवगत’’ कराएं।

यह बात सभापति ने उस समय कही, जब दोपहर 12 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने के तुरंत बाद प्रश्नकाल के दौरान हंगामा हो रहा था। विपक्षी सदस्य अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के बारे में गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहे थे और सत्ता पक्ष के सदस्य उनका विरोध कर रहे थे।

इसको लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संवाददाताओं से कहा कि विपक्ष संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग के लिए तैयार है, लेकिन जरूरी है कि गृह मंत्री अमित शाह छात्रों पर कथित लाठीचार्ज, पैलेट गन के इस्तेमाल और आंसू गैस छोड़े जाने के मामले में सदन में आकर जवाब दें।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष पिछले 15 दिनों से इस मुद्दे पर गृह मंत्री के बयान की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार इससे बच रही है।

खरगे ने कहा, ‘‘हमारी मांग रही है कि नरेन्द्र मोदी माफी मांगें और अमित शाह सदन में आकर बयान दें…हमारी बातें नहीं मानी गई। इसके बाद हमारे सांसदों ने राज्यसभा के सभापति से मिलकर अपनी बात रखी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि सभापति साहब ने संसदीय कार्य मंत्री को कहा कि सदन की इच्छा है कि गृह मंत्री सदन में आकर कुछ कहें। सभापति के बोलने के बावजूद गृह मंत्री को बुला नहीं सके।’’

खरगे ने दावा किया कि विपक्ष के साथ बातचीत के लिए रीजीजू को लगा दिया गया है, जबकि उनके पास पूरा अधिकार नहीं है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आशा है कि संसदीय कार्य मंत्री आज दोपहर 12 बजकर 16 मिनट पर राज्यसभा के सभापति द्वारा दिए गए स्पष्ट निर्देशों का पालन करेंगे।’’

भाषा हक हक पवनेश

पवनेश