हैदराबाद, पांच मार्च (भाषा) कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक सिंघवी और वी. नरेंद्र रेड्डी ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को तेलंगाना विधानसभा में अपना नामांकन दाखिल किया।
ये दोनों उम्मीदवार राज्य से राज्यसभा की दो खाली सीट के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और अन्य नेता उनके नामांकन दाखिल करने के समय मौजूद थे।
सिंघवी और नरेंद्र रेड्डी के निर्विरोध निर्वाचित होने की उम्मीद है क्योंकि विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने अभी तक उम्मीदवार उतारने का कोई इरादा नहीं जताया है। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि बृहस्पतिवार है।
सिंघवी को डेढ़ साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद तेलंगाना से दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है।
सिंघवी और नरेंद्र रेड्डी ने संसद के उच्च सदन के लिए फिर से उम्मीदवार बनाये जाने के लिए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया और राज्य के हितों की सेवा करने का संकल्प लिया।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और अन्य पार्टी नेताओं को दोबारा राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाये जाने के लिए धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के करीबी सहयोगी नरेंद्र रेड्डी ने कहा कि वह राज्यसभा में राज्य के हितों के लिए संघर्ष करेंगे। उन्होंने पार्टी आलाकमान और अन्य पार्टी नेताओं को भी उन्हें उम्मीदवार बनाये जाने के लिए धन्यवाद दिया।
भाषा अमित देवेंद्र
देवेंद्र