कांग्रेस अपने दम पर जीतने में सक्षम, हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर लड़ेगी : हुड्डा

कांग्रेस अपने दम पर जीतने में सक्षम, हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर लड़ेगी : हुड्डा

कांग्रेस अपने दम पर जीतने में सक्षम, हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर लड़ेगी : हुड्डा
Modified Date: September 13, 2023 / 12:56 am IST
Published Date: September 13, 2023 12:56 am IST

चंडीगढ़, 12 सितंबर (भाषा) हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस अपने दम पर जीतने में सक्षम है और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 10 सीट पर चुनाव लड़ेगी।

इससे पहले, हुड्डा ने यह भी कहा था कि कांग्रेस अपने दम पर 2024 का राज्य विधानसभा चुनाव जीतने में सक्षम है।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल आम आदमी पार्टी समेत हरियाणा में सक्रिय अन्य दलों के साथ गठबंधन के सवाल पर हुड्डा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘जहां तक हरियाणा का सवाल है, कांग्रेस अपने दम पर जीतने में सक्षम है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘कांग्रेस सभी 10 (लोकसभा) सीट पर चुनाव लड़ेगी।’’

फिलहाल राज्य की सभी लोकसभा सीट भाजपा के पास हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या विधानसभा चुनाव के लिए आप के साथ गठबंधन हो सकता है, हुडा ने कहा, ‘‘हरियाणा में कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ने में सक्षम है।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी ने पिछले साल आदमपुर विधानसभा उपचुनाव लड़ा था, जहां उनकी जमानत जब्त हो गई थी। सीट पर दावा करने का एक आधार होना चाहिए।’’

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में