कांग्रेस ने तमिलनाडु इकाई को विजय के समर्थन के आग्रह पर अंतिम निर्णय करने का निर्देश दिया
कांग्रेस ने तमिलनाडु इकाई को विजय के समर्थन के आग्रह पर अंतिम निर्णय करने का निर्देश दिया
नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि वह तमिलनाडु में भाजपा और उसके प्रतिनिधि समूहों को सत्ता से दूर रखने के लिए प्रतिबद्ध है और पार्टी आलाकमान ने राज्य इकाई को निर्देश दिया है कि वह समर्थन देने के टीवीके प्रमुख विजय के आग्रह पर प्रदेश की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय ले।
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडानकर के बीच मंत्रणा के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य इकाई को निर्देश जारी किया।
वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘टीवीके अध्यक्ष विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन का अनुरोध किया है। कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि तमिलनाडु में जनादेश एक ऐसी धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है, जो संविधान की अक्षरशः रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हो।’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि भाजपा और उसके प्रतिनिधि किसी भी तरह से तमिलनाडु सरकार को न चलाएं।
उनका कहना था, ‘ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व ने तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी को चुनाव परिणाम के मद्देनजर राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए, विजय के अनुरोध पर अंतिम निर्णय लेने का निर्देश दिया है।”
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके को 108 सीटें हासिल हुई हैं। उसे सरकार बनाने के लिए 10 और विधायकों के समर्थन की जरूरत है। कांग्रेस के पांच विधायक निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस द्रमुक नीत गठबंधन का हिस्सा है।
भाषा हक माधव अविनाश
अविनाश

Facebook


