कांग्रेस को राम मंदिर प्रबंधन पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं: मदन राठौड़

Ads

कांग्रेस को राम मंदिर प्रबंधन पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं: मदन राठौड़

  •  
  • Publish Date - July 7, 2026 / 08:56 PM IST,
    Updated On - July 7, 2026 / 08:56 PM IST

जयपुर, सात जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंगलवार को राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए कहा कि जिन लोगों ने राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था, उन्हें मंदिर के प्रबंधन पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

राठौड़ ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि मंदिर की सभी संपत्तियां और श्रद्धालुओं का चढ़ावा पूरी तरह सुरक्षित हैं।

उन्होंने कहा कि ट्रस्ट ने अपनी संपत्तियों का पूरा विवरण भी सार्वजनिक कर दिया है।

भाजपा नेता ने कहा कि राम मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का विषय है और अगर किसी भी स्तर पर कोई अनियमितता हुई है तो कानून अपना काम करेगा और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

राठौड़ ने कहा, “ऐसे मामलों में अनावश्यक राजनीतिक हस्तक्षेप की कोई आवश्यकता नहीं है।”

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी निशाना साधते हुए कहा कि तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके गहलोत को ‘बेबुनियाद बयान’ देने के बजाय अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत अपने कार्यकाल के दौरान पानी और बिजली आपूर्ति, प्रश्न पत्र लीक के मामलों औक प्रशासनिक कार्यप्रणाली जैसी समस्याओं का समाधान करने में विफल रहे।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र