अफवाह फैलाकर भ्रमित करने की राजनीति करती है कांग्रेस: राठौड़

Ads

अफवाह फैलाकर भ्रमित करने की राजनीति करती है कांग्रेस: राठौड़

  •  
  • Publish Date - January 25, 2025 / 09:31 PM IST,
    Updated On - January 25, 2025 / 09:31 PM IST

जयपुर, 25 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को दावा किया कि कांग्रेस दबाव डालकर व अफवाह फैलाकर भ्रमित करने की राजनीति करती है।

राठौड़ संविधान गौरव अभियान के तहत पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ‘हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान’ विषय पर संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, “भाजपा सर्वे भवंतु सुखिनः की भावना के साथ काम करती है, जबकि कांग्रेस एक परिवार को खुश करने की नीति पर कार्य करती है। कांग्रेस दबाव डालकर व अफवाह फैलाकर भ्रमित करने की राजनीति कर रही है।”

राठौड़ ने कहा कि भाजपा ने सदैव जनमत का सम्मान और लोकतंत्र का आदर किया।

उन्होंने कहा, “भाजपा ने अखंड भारत और जनहित के लिए संविधान में संशोधन किए और कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया। इतना ही नहीं, भाजपा ने संशोधन किया तो नागरिकता (संशोधन) कानून (सीएए) पारित किया, भाजपा ने संविधान संशोधन किया तो हमारी बहनों को तीन तलाक से आजादी दिलाने के लिए किया।”

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान में सर्वाधिक 75 बार संशोधन करके केवल एक परिवार को लाभ पहुंचाने का काम किया तथा जनता के मौलिक अधिकारों का हनन करने का काम किया।

भाषा पृथ्वी

नोमान

नोमान