कांग्रेस नेता ऐसे बयानों से बचें जिससे भाजपा खुश हो: वेणुगोपाल

Ads

कांग्रेस नेता ऐसे बयानों से बचें जिससे भाजपा खुश हो: वेणुगोपाल

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 05:38 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 05:38 PM IST

अलप्पुझा, नौ अगस्त (भाषा) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रविवार को कहा कि कांग्रेस नेताओं को बातचीत के दौरान सावधानी बरतनी चाहिए और ऐसे बयान देने से बचना चाहिए जिनसे भाजपा को खुशी हो।

केरल के अलप्पुझा से लोकसभा सदस्य वेणुगोपाल ने यह टिप्पणी पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर के उस बयान के संदर्भ में की जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम ‘जेन जी’ के बीच उतना लोकप्रिय नहीं हुआ जितना ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का विरोध प्रदर्शन।

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘जहां तक ​​मुझे पता है, मैंने उनका बयान केवल कुछ मीडिया चैनलों पर ही देखा है। मैं ठीक-ठीक यह नहीं सुन पाया कि उन्होंने क्या कहा।’’

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर की टिप्पणियों के बारे में उन्हीं से सीधा पूछा जाना चाहिए। हालांकि यह भी कहा कि कांग्रेस नेताओं को सार्वजनिक बयान देते समय सावधानी बरतनी चाहिए।

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘भले ही कांग्रेस सदस्य हमेशा पार्टी के नियमों या अनुशासन का सख्ती से पालन न करते हों, लेकिन हमें ऐसे बयान देने से बचना चाहिए जिनसे केवल भाजपा को खुशी मिले।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई राहुल गांधी में कोई कमी निकालता है या उनके बारे में नकारात्मक बातें कहता है, तो भाजपा को बहुत खुशी होगी, यह उनके लिए सबसे खुशी की बात होगी।’’

वेणुगोपाल ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि थरूर ने जान-बूझकर ऐसी बातें कही होंगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी को ध्यान रखना चाहिए, चाहे अनजाने में ही सही कि ऐसी बातें न कहें। मुझे लगता कि उन्होंने यह जान-बूझकर नहीं कहा था, और न ही उनके ऐसा जान-बूझकर कहने की संभावना है।’’

वेणुगोपाल ने कहा कि प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम में भारत की ‘जेन जी’ पीढ़ी ने हिस्सा लिया और आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश की।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इलाहाबाद (प्रयागराज) में उस कार्यक्रम में बाधा डालने की पूरी कोशिश की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले रास्ते पर इंसानी मल भी फैला दिया था।’’

वेणुगोपाल ने दावा किया कि कॉलेज प्रबंधन पर कथित तौर पर दबाव डाले जाने के बाद शुरुआत में कार्यक्रम आयोजित करने की मंजूरी देने से मना कर दिया गया था, और बाद में इजाज़त तो मिल गई, लेकिन रास्ते में गंदगी फैला दी गई।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन कल इलाहाबाद में क्या नजारा देखने को मिला? वे आम कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस या एनएसयूआई के सदस्य नहीं थे। वे भारत की असली ‘जेन जी’थी।’’

वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी ने उन छात्रों का मुद्दा उठाया है, जिन्हें कथित तौर पर विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा था।

भाषा धीरज प्रशांत

प्रशांत