कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई भाजपा में शामिल; शर्मा का दावा- अभी और विपक्षी नेता पाला बदलेंगे
कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई भाजपा में शामिल; शर्मा का दावा- अभी और विपक्षी नेता पाला बदलेंगे
नयी दिल्ली/गुवाहाटी, 18 मार्च (भाषा) कांग्रेस नेता एवं लोकसभा सदस्य प्रद्युत बोरदोलोई असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और भारतीय जनता पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में बुधवार को यहां भाजपा में शामिल हो गए।
बोरदोलोई ने कांग्रेस से मंगलवार को इस्तीफा दे दिया था।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने औपचारिक रूप से बोरदोलोई को पार्टी में शामिल किया और उन्हें पटका और टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
पांच दशक से अधिक समय तक कांग्रेस सदस्य रहे बोरदोलोई ने दावा किया कि पिछले दो वर्षों से उन्हें पार्टी में अपमान का सामना करना पड़ रहा था, जिसके कारण उन्हें इस्तीफा देने पर मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे सकारात्मक कार्यों ने उन्हें सत्तारूढ़ दल को चुनने के लिए प्रेरित किया।
असम के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजधानी में संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बोरदोलोई के पार्टी में शामिल होने को मंगलवार को मंजूरी दी। हमारे प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने उनका पार्टी में स्वागत किया।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1975 से कांग्रेस सदस्य रहे बोरदोलोई के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत, विकसित असम’ के दृष्टिकोण को साकार करने में मदद मिलेगी।
शर्मा ने कहा कि भाजपा का प्रदेश नेतृत्व नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए बोरदोलोई को टिकट देने की सिफारिश करेगा।
दो बार के सांसद और चार बार के विधायक बोरदोलोई ने मंगलवार शाम को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपना इस्तीफा भेजा था। वह असम सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं।
वह असम विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष भी थे।
असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई और एआईसीसी में असम के प्रभारी महासचिव जितेंद्र सिंह मंगलवार देर शाम बोरदोलोई से मिलने पहुंचे थे, लेकिन स्पष्ट है कि वे उन्हें अपना फैसला बदलने के लिए मनाने में असफल रहे।
बोरदोलोई के बेटे प्रतीक को असम विधानसभा में कांग्रेस ने मार्गेरिटा सीट से उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है।
शर्मा ने दावा किया कि ‘‘आत्मसम्मान वाला कोई भी व्यक्ति अब कांग्रेस में नहीं रह सकता’’ और बोरदोलोई इस मुद्दे पर कांग्रेस छोड़ने वालों की कड़ी में सबसे नया नाम है।
उन्होंने दावा किया कि निवर्तमान राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया और असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद रिपुन बोरा जैसे अन्य लोग भी उचित समय पर भाजपा में शामिल होंगे।
असम प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा फरवरी में पार्टी से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे।
शर्मा ने कहा, ‘‘हम कांग्रेस के उन नेताओं को भाजपा में लाना चाहते हैं, जो हमारे लिए बहुत उपयोगी हैं। यह प्रक्रिया 2016 में शुरू हुई थी और इसका 99 प्रतिशत पूरा हो चुका है।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘कई मुस्लिम नेता भी भाजपा में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन वैचारिक मुद्दों के कारण वे ऐसा नहीं कर सकते।’’
शर्मा ने कहा कि अगले कुछ दिनों में गुवाहाटी में कई कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल होंगे, और बोरदोलोई का भाजपा में शामिल होना मंगलवार को पार्टी की उम्मीदवार सूची को अंतिम रूप दिए जाने से पहले हुआ।
बोरदोलोई ने इस अवसर पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘असम के लिए काम करने की मुख्यमंत्री की दूरदृष्टि और राज्य को आगे ले जाने की उनकी सकारात्मक सोच ने मुझे भाजपा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले दो वर्षों से मुझे कांग्रेस के भीतर अपमान और अलगाव का सामना करना पड़ा है। भाजपा में शामिल होते समय मैंने यह स्पष्ट कर दिया है कि मैं असम की जनता के हित में काम करना जारी रखूंगा।’’
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश

Facebook


