नयी दिल्ली, 27 सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने रविवार को भाजपा के इस दावे पर सवाल उठाए कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से 2.8 करोड़ मृत मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।
कांग्रेस ने सवाल किया, ‘‘बाकी 10.2 करोड़ नाम कहां गए?’’
भाजपा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मृत मतदाताओं के 2.8 करोड़ नाम हटाए गए हैं।
सत्तारूढ़ दल ने कहा, ‘‘सवाल सीधा है : इन नामों को मतदाता सूची में बनाए रखने से किसे फायदा हो रहा था? कौन ऐसे नाम चाहता है, जिनका इस्तेमाल फर्जी मतदान के लिए किया जा सकता है?’’
भाजपा ने कहा, ‘‘अब जब एसआईआर मतदाता सूची की सफाई कर रहा है तो ‘इंडिया’ गठबंधन हंगामा कर रहा है। क्यों? क्या ‘इंडिया’ गठबंधन चाहता है कि मृत लोगों के नाम मतदाता सूची में बने रहें? देश जवाब चाहता है।’’
कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने पलटवार करते हुए कहा कि एसआईआर के तहत 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘भाजपा कहती है कि इनमें से 2.8 करोड़ मृत मतदाता थे। ठीक है। बाकी 10.2 करोड़ का क्या हुआ?’’
खेड़ा ने सवाल किया कि अगर 2.8 करोड़ मृत लोगों के नाम अब भी मतदाता सूची में थे तो क्या 2014 के बाद हुए वार्षिक संक्षिप्त पुनरीक्षण इतने खराब तरीके से किए गए थे।
उन्होंने कहा, ‘‘क्या भाजपा यह मान रही है कि वह वर्षों से मतदाता सूचियों को सही तरीके से बनाए रखने में विफल रही? अगर ऐसा नहीं है तो बाकी 10.2 करोड़ नाम कहां गए?’’
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश