जयपुर, 27 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि पार्टी ने शहरी स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में 50 वर्ष से कम आयु के उम्मीदवारों को 50 प्रतिशत टिकट देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने आगामी शहरी निकाय चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए पार्टी मुख्यालय में आयोजित बैठक के दौरान यह घोषणा की।
डोटासरा ने कहा, ‘‘हम पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि शहरी स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में 50 वर्ष से कम आयु के उम्मीदवारों को 50 प्रतिशत टिकट दिए जाएंगे।’’
उन्होंने टिकट के इच्छुक नेताओं को वार्ड बार-बार बदलने से भी आगाह करते हुए कहा कि टिकट वितरण में स्थानीय परिस्थितियों और संगठनात्मक पहलुओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘सिर्फ टिकट मांगने से यह नहीं माना जा सकता कि टिकट मिल ही जाएगा। एक वार्ड से दूसरे वार्ड में बार-बार जाने की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा।’
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अदालत में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार, पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की घोषणा 23 सितंबर को होने की संभावना है। मतदान 13 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच विभिन्न चरणों में कराया जा सकता है, जबकि मतगणना 12 नवंबर को प्रस्तावित है।
शहरी स्थानीय निकाय चुनावों की घोषणा 17 अगस्त को होने की संभावना है। मतदान 6 और 9 सितंबर को तथा मतगणना 11 सितंबर को प्रस्तावित है।
हालांकि, अधिकारियों ने संकेत दिया कि निर्वाचन आयोग की औपचारिक घोषणा के समय इन तिथियों में बदलाव संभव है।
भाषा बाकोलिया आशीष
आशीष