कर्नाटक में कांग्रेस की जीत से साबित हुआ कि प्रधानमंत्री मोदी ‘अनंत विजय’ नहीं हैं: रमेश

Ads

कर्नाटक में कांग्रेस की जीत से साबित हुआ कि प्रधानमंत्री मोदी ‘अनंत विजय’ नहीं हैं: रमेश

  •  
  • Publish Date - May 13, 2023 / 09:36 PM IST,
    Updated On - May 13, 2023 / 09:36 PM IST

(संजीव चोपड़ा)

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पार्टी के लिए ‘बूस्टर डोज’ है तथा इस नतीजे से यह साबित हो गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘अनंत विजय’ नहीं हैं।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने सोचा था कि उनके पास उसकी तरह शंख है जहां जैसे महाराष्ट्र में युद्धिष्ठिर के पास ‘अनंतविजयम’ था। इस चुनाव से साबित हो गया है कि प्रधानमंत्री अनंत विजय नहीं हैं।’’

रमेश का कहना है कि कर्नाटक के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ स्पष्ट जनादेश दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट जनादेश है। यह सिर्फ भाजपा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के खिलाफ है।’’

कांग्रेस नेता ने इस बात पर जोर दिया कि भाजपा की हार इस मायने में भी महत्वपूर्ण कि कर्नाटक को सांप्रदायिक ध्रुवीकरण एवं हिंदुत्ववादी राजनीति की प्रयोगशाला बनाया गया जिसे जनता ने खारिज कर दिया।

रमेश के मुताबिक, यह चुनाव कांग्रेस के लिए ‘बूस्टर डोज’ है तथा इससे पार्टी का हौसला बढ़ा है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह जीत दिखाती है कि अगर हम सकारात्मक एजेंडे, रणनीति के साथ और एकजुट होकर लड़ें तो कोई भी कांग्रेस को पराजित नहीं कर सकता।’’

भाषा हक हक माधव

माधव