पूर्वोत्तर में बीते दशक में कनेक्टिविटी बढ़ी, आर्थिक गतिविधियों को मिला बढ़ावा : उपराष्ट्रपति

Ads

पूर्वोत्तर में बीते दशक में कनेक्टिविटी बढ़ी, आर्थिक गतिविधियों को मिला बढ़ावा : उपराष्ट्रपति

  •  
  • Publish Date - March 8, 2026 / 06:57 PM IST,
    Updated On - March 8, 2026 / 06:57 PM IST

अगरतला, आठ मार्च (भाषा) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने रविवार को कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में पिछले एक दशक के दौरान कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है।

पश्चिम त्रिपुरा के सूर्यमणिनगर स्थित त्रिपुरा केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्वोत्तर की क्षमता का निरंतर दोहन किया है।

उन्होंने कहा, “मैं चेन्नई से हूं और पहले चेन्नई से अगरतला तक एक ही दिन में यात्रा करना मुश्किल होता था। अब बेहतर बुनियादी ढांचे के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनें अगरतला को जोड़ती हैं। आज हम कोहिमा से अगरतला तक एक ही दिन में यात्रा कर सकते हैं।’’

राधाकृष्णन ने कहा कि पिछले एक दशक में पूर्वोत्तर में आर्थिक गतिविधियों की रफ्तार भी तेज हुई है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जनवरी 2026 में गोमती जिले के उदयपुर में माताबारी पर्यटन सर्किट की आधारशिला रखी गई थी।

उन्होंने कहा, “गोमती के जिलाधिकारी ने मुझे बताया कि मां त्रिपुरासुंदरी मंदिर में पर्यटकों की संख्या सालाना 3.5 लाख से बढ़कर 8.5 लाख हो गई है। इससे निश्चित रूप से स्थानीय रोजगार बढ़ेगा। स्थिर अर्थव्यवस्था तब तक विकसित नहीं हो सकती जब तक हम उसे गति न दें।”

राधाकृष्णन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से नवाचार को बढ़ावा देने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले शोध पत्र प्रकाशित करने का सिलसिला जारी रखने का भी आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि त्रिपुरा केंद्रीय विश्वविद्यालय उच्च गुणवत्ता वाले शोध कार्यों में निरंतर प्रगति कर रहा है और नवाचार के साथ इसे आगे बढ़ाया जाना चाहिए, साथ ही बौद्धिक संपदा की संख्या में भी वृद्धि होनी चाहिए।

इस कार्यक्रम को त्रिपुरा के राज्यपाल एन. इंद्रसेना रेड्डी, मुख्यमंत्री माणिक साहा और विश्वविद्यालय के कुलपति श्यामल कुमार दास ने भी संबोधित किया।

भाषा खारी नरेश

नरेश