मुंबई, 16 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बृहस्पतिवार को कहा कि मुंबई के मानखुर्द इलाके में रहने वाले करीब 250 श्रमिक परिवारों की आवास समस्या के समाधान के लिए मौजूदा नियमों के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।
बावनकुले ने यह आश्वासन जानी-मानी सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर द्वारा यह मामला उठाने और गरीब परिवारों की स्व-विकसित आवासीय परियोजना के लिए सरकारी जमीन हस्तांतरित करने की मांग के बाद दिया।
पाटकर से मुलाकात के बाद बावनकुले ने कहा, ‘हम सभी दस्तावेजों की जांच करेंगे और मामले की वास्तविक स्थिति का पता लगाएंगे। कानूनी और प्रशासनिक पहलुओं की व्यापक समीक्षा की जाएगी। नियमों के दायरे में रहकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि पात्र लाभार्थियों को न्याय मिल सके।’
बावनकुले के कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, मेधा पाटकर ने मंत्री से मुलाकात कर राज्य की राजधानी के पूर्वी हिस्से में स्थित उपनगर मानखुर्द (पूर्व) के मंडाला क्षेत्र में स्व-विकसित आवासीय योजना के तहत करीब 250 श्रमिक परिवारों की आवास समस्या को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने मंत्री से कहा कि ये परिवार कई वर्षों से इस क्षेत्र में रह रहे हैं और उनके पुनर्वास तथा आवास के संबंध में जल्द फैसला लिया जाना जरूरी है।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश