(फाइल फोटो के साथ)
रायपुर, 16 जुलाई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से संबंधित धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में टीवी प्रस्तोता शेफाली बग्गा से बृहस्पतिवार को पूछताछ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
केंद्रीय एजेंसी ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के बाद धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत बग्गा का बयान दर्ज किया।
अधिकारियों ने बताया कि 30 मई को दिल्ली स्थित बग्गा के आवास पर ईडी ने छापा मारा था, जहां से एजेंसी ने 30 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। आरोप है कि यह रकम उन्हें भारत में अवैध सट्टेबाजी ऐप के प्रचार से मिली थी।
ईडी ने आरोप लगाया कि बग्गा, खानजन (जगदीश कुमार) ठक्कर नाम के एक व्यक्ति की सहयोगी थीं, जो देश में सट्टेबाजी ऐप्स चलाने और उनका प्रचार करने का काम करता है।
बग्गा की ओर से तत्काल इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने बग्गा से पूछा कि क्या वह इन ऐप्स पर खिलाड़ियों को टिप्स देती थीं। अधिकारियों ने कहा कि एजेंसी ने इस संबंध में कुछ सोशल मीडिया पोस्ट भी जुटाए हैं।
एजेंसी ने आरोप लगाया है कि महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले में छत्तीसगढ़ के बड़े नेताओं और अधिकारियों की संलिप्तता है और इस मामले में अपराध से अर्जित आय 6,000 करोड़ रुपये है।
भाषा जोहेब माधव
माधव