पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना शुरू

Ads

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना शुरू

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 08:30 AM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 08:30 AM IST

कोलकाता, चार मई (भाषा) बेहद अहम माने जा रहे पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई।

नतीजों से यह तय होगा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस लगातार चौथी बार सत्ता में लौटती है या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में पहली बार सरकार बनाकर इतिहास रचती है।

राज्य के 23 जिलों में 77 केंद्रों पर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच 294 में से 293 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतगणना हो रही है। इसके साथ ही 2,926 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।

भारत निर्वाचन आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी का हवाला देते हुए चुनाव रद्द कर दिया था। इस सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होगा जबकि मतगणना 24 मई को होगी।

राज्य में दो चरण में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के अनुसार, स्वतंत्रता के बाद बंगाल में इस बार सबसे अधिक 92.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जा रही है, जिनके जरिये चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी मतदान करते हैं। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के मतों की गिनती होगी। हर सीट पर मतगणना के कई दौर होंगे और शुरुआती रुझान जल्द आने की संभावना है।

चुनाव के लिए राज्यभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि 23 जिलों में बने 77 मतगणना केंद्रों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के तहत केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के 2.5 लाख से अधिक कर्मियों के साथ राज्य पुलिस को तैनात किया गया है।

‘स्ट्रॉन्ग रूम’ की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। मतगणना से पहले कई केंद्रों के बाहर तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता एकत्र हो गए जिससे कुछ स्थानों पर तनाव की स्थिति पैदा हुई।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मतगणना प्रक्रिया सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त उपाय किए गए हैं। त्वरित प्रतिक्रिया दल किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार हैं।’’

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना