जम्मू, चार मई (भाषा) जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने जम्मू शहर के बाहरी इलाकों में सोमवार को अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया और बिना आवश्यक अनुमति के निर्मित 15 से अधिक ढांचों को ढहा दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार नोटिस जारी किए गए थे और उन्हें अनुपालन के लिए पर्याप्त समय मिला था।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां कहा, ‘‘आज की गई एक महत्वपूर्ण प्रवर्तन कार्रवाई के तहत जेडीए ने अवैध निर्माणों की जांच करते हुए रिंग रोड कॉरिडोर के किनारे समेत विभिन्न हिस्सों में अतिक्रमण रोधी एक बड़ा अभियान चलाया।’’
उन्होंने कहा कि सक्षम प्राधिकारी से आवश्यक भवन निर्माण अनुमति प्राप्त किए बिना निर्मित 15 से अधिक ढांचों को अभियान के दौरान तोड़ दिया गया।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ये ढांचे स्वीकृत भूमि उपयोग मानदंडों और भवन निर्माण नियमों का स्पष्ट उल्लंघन करते हुए बनाये गए थे।’’
अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक आकलन से पता चला है कि कई अनधिकृत निर्माण सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहे थे।
जेडीए के प्रवर्तन विभाग ने स्थानीय प्रशासन और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सहायता से यह अभियान चलाया।
कुछ निवासियों ने आरोप लगाया कि जेडीए के अधिकारियों ने पिछले दो वर्षों में आर्थिक लाभ के बदले अवैध निर्माणों को होने दिया। उन्होंने दावा किया कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इससे पहले जम्मू कश्मीर विधानसभा को सूचित किया था कि जेडीए की 16,000 कनाल (एक वर्ग किलोमीटर 1,976.84 कनाल के बराबर होता है) से अधिक भूमि पर अतिक्रमण है।
भाषा यासिर अमित
अमित