कोलकाता, चार मई (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के बीच अपने पार्टी उम्मीदवारों और एजेंटों से मतगणना केंद्र छोड़कर नहीं जाने की अपील की।
बनर्जी ने यह अपील ऐसे समय में की है जब निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर मतगणना के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अधिकतर सीट पर बढ़त बनाती दिख रही है।
बनर्जी ने मतगणना के बीच जारी एक वीडियो संदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और मनोबल नहीं गिराने की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी से अपील करती हूं कि तृणमूल उम्मीदवार और मतगणना एजेंट मतगणना केंद्र छोड़कर नहीं जाएं।’’
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रुझानों के अनुसार, भाजपा 188 सीट पर आगे है जबकि तृणमूल 92 सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी अब भी मुकाबले में है और उन्होंने अपने समर्थकों से उम्मीद नहीं छोड़ने को कहा।
उन्होंने दावा किया, ‘‘हम अब भी 170 सीट पर आगे हैं और मैं सभी से उम्मीद नहीं छोड़ने का अनुरोध करती हूं।’’
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग और भाजपा की मिलीभगत से एक ‘‘योजना’’ बनाई गई है। उन्होंने दावा किया कि जिन क्षेत्रों में तृणमूल आगे है, वहां नतीजे या बढ़त घोषित नहीं की जा रही है।
बनर्जी ने कहा, ‘‘यह निर्वाचन आयोग और भाजपा की योजना है, क्योंकि जिन क्षेत्रों में हम आगे हैं, वहां वह नतीजे या बढ़त घोषित नहीं कर रहा।’’
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब मतगणना रुझानों में भाजपा 294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के 148 के आंकड़े को पार करती दिख रही है और राज्य में संभावित राजनीतिक बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा