कोयंबटूर (तमिलनाडु), चार मई (भाषा) कवुंदमपालयम से टीवीके उम्मीदवार कनिमोई संतोष ने सोमवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में पार्टी की निर्णायक जीत का विश्वास व्यक्त किया और पार्टी प्रमुख विजय के पक्ष में ‘मजबूत भावनात्मक लहर’ का हवाला दिया।
संतोष ने ‘पीटीआई वीडियो’ से रुझानों के बारे में बातचीत में कहा कि यह दिन खास है क्योंकि यह राज्य के लोगों के ‘थलपति’ (विजय) के प्रति गहरे स्नेह को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘जी हां, यह एक बहुत बड़ा क्षण है। मैं देख सकती हूं कि लोग ‘थलपति’ से भावनात्मक रूप से बहुत जुड़े हुए हैं। आज शाम तक, यह उनके लिए एक बड़ा पल होगा।’’
उन्होंने दावा किया कि आधा दिन समाप्त होने से पहले ही रुझान टीवीके की जीत का स्पष्ट संकेत दे रहे हैं।
कोयंबटूर जिले की कई सीटों पर द्रमुक की बढ़त के बारे में पूछे जाने पर टीवीके उम्मीदवार ने धैर्य रखने का आग्रह किया और दावा किया कि पार्टी अंततः इस क्षेत्र की सभी 10 सीटों पर जीत हासिल करेगी।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और अन्य वरिष्ठ मंत्रियों के शुरुआती रुझानों में पिछड़ने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह परिणाम विजय के नेतृत्व के प्रति बढ़ते समर्थन का संकेत है।
भाषा शोभना वैभव
वैभव