महराजगंज (उप्र), 27 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में तेज बारिश और हवाओं के बीच एक पेड़ गिरने से एक दंपति की मौत हो गई, जबकि उनकी 19 वर्षीय बेटी घायल हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर पनियरा थाना क्षेत्र के चंदन छाफी गांव में हुई। गौरी शंकर पासवान (55), उनकी पत्नी श्रीमती देवी (52) और बेटी अंजिलिका एक बकरी को खोजने जंगल गए थे। इसी दौरान तेज बारिश और हवाओं के बीच एक पेड़ गिर गया और तीनों उसके नीचे दब गए।
पुलिस ने बताया कि अंजिलिका किसी तरह पेड़ के नीचे से निकलकर घर पहुंची और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। हालांकि, खराब मौसम के कारण ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर नहीं पहुंच सके।
पुलिस के अनुसार, शाम को मौसम में सुधार होने पर ग्रामीण जंगल में पहुंचे और पेड़ काटकर दंपति को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। अंजिलिका का उपचार कराया जा रहा है।
पनियरा के थाना प्रभारी निरीक्षक कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द गोला
गोला