नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) संसद भवन के कुछ गेट सोमवार को थोड़ी देर के लिए बंद कर दिए गए क्योंकि प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने परिसर की ओर मार्च करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के पास कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन में शामिल लोगों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों द्वारा लाठीचार्ज किए जाने और आंसू गैस का इस्तेमाल किए जाने के बीच अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
संसद के निकट भारतीय रिजर्व बैंक के नजदीक कॉजपा के कम से कम सात प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने भारतीय रिजर्व बैंक के पास प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।
एक अधिकारी ने बताया कि संसद के कुछ गेट कुछ देर के लिए बंद कर दिए गए।
लोकसभा में संसद के गेट बंद करने का मुद्दा उठाया गया।
दोपहर दो बजे सदन की बैठक शुरू होने पर एक सांसद ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कुछ सदस्यों को संसद परिसर में प्रवेश करने से रोका गया, जिस पर अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने कहा कि सभी सांसदों को अनुमति दी जा रही है।
मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा और लोकसभा की बैठक को बार-बार स्थगित करना पड़ा क्योंकि विपक्ष ने नीट पेपर लीक के साथ-साथ कथित राम मंदिर दान चोरी के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारे लगाए और तख्तियां प्रदर्शित कीं।
इससे पहले कॉजपा के संसद मार्च में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जाने की कोशिश में कई प्रदर्शनकारियों ने शास्त्री भवन के पास सुरक्षा अवरोधकों को तोड़ने की कोशिश की जिसके बाद सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। यह कार्रवाई उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में तनाव बढ़ने के बीच हुई।
एहतियात के तौर पर जनपथ, पटेल चौक, राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों में प्रवेश पर रोक लगाए जाने और निकास गेट बंद किए जाने के कारण कई यात्री मेट्रो स्टेशनों के अंदर ही फंसे रहे।
सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक को रोकने के लिए मध्य दिल्ली में भारी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि नयी दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था दोगुनी कर दी गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियों तथा आस-पास के जिलों के पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने नयी दिल्ली में कई जगहों पर अवरोधक लगाए हैं, जिनमें कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, भारतीय प्रेस क्लब, संसद के पास का क्षेत्र, संसद मार्ग, शंकर रोड, जंतर-मंतर और दिल्ली में प्रवेश के कई अन्य रास्ते शामिल हैं।
भाषा
अविनाश मनीषा
मनीषा