तिरुवनंतपुरम, 11 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी. डी. सतीशन ने शनिवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने नौ अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद राजनीतिक रूप से अस्थिर कन्नूर जिले में ‘‘व्यापक हिंसा’’ फैलाई है।
सतीशन ने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी को भारी हार का सामना करना पड़ेगा।
केरल की निवर्तमान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने एक बयान में मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से कथित हिंसा को रोकने और ‘‘आपराधिक गिरोहों’’ की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की।
उन्होंने निर्वाचन आयोग से भी अपील की कि वह इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करे।
सतीशन ने आरोप लगाया गया कि कन्नूर जिले के पय्यनूर, माय्यिल और तालीपरम्बा सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुई हिंसा की घटनाओं में माकपा के कार्यकर्ता संलिप्त थे।
उन्होंने दावा किया कि पय्यनूर में कांग्रेस-नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थक टी पुरुषोत्तमन और माकपा के बागी वी. कुन्हीकृष्णन के घर पर हमला किया गया और उनकी कार में आग लगा दी गई। उनके मुताबिक पय्यनूर और माय्यिल में भी कई घरों को निशाना बनाया गया।
सतीशन ने आरोप लगाया कि कुन्हीकृष्णन के समर्थन में दीवारों पर लिखे संदेश भी नष्ट कर दिए गए और उनके समर्थकों के घरों के सामने फूलमालाएं रखी गईं। उन्होंने माकपा कार्यकर्ताओं पर इलाके में कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ करने का भी आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता ने इन घटनाओं को ‘‘असहिष्णुता और भय’’ के कृत्य करार देते हुए आरोप लगाया कि कन्नूर में माकपा एक ‘आपराधिक गिरोह’ में तब्दील हो गई है, जो दीवारों पर लिखे गए संदेशों को भी बर्दाश्त नहीं कर सकती।
उन्होंने हिंसा की निंदा न करने के लिए माकपा के राज्य और जिला नेतृत्व की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि ये हमले नेतृत्व के संज्ञान में किए गए थे।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश