माकपा के बागी कुन्हीकृष्णन ने 7,000 से अधिक मतों से जीत हासिल की

Ads

माकपा के बागी कुन्हीकृष्णन ने 7,000 से अधिक मतों से जीत हासिल की

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 04:06 PM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 04:06 PM IST

कन्नूर (केरल), चार मई (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से निष्कासित नेता पी. वी. कुन्हीकृष्णन ने एक बड़े राजनीतिक उलटफेर में सोमवार को पय्यन्नूर विधानसभा क्षेत्र में वामपंथी गढ़ को तोड़ते हुए 7,000 से अधिक मतों से जीत दर्ज की।

यूडीएफ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार कुन्हीकृष्णन ने माकपा के मौजूदा विधायक टी.आई. मधुसूदनन को 7,487 मतों के अंतर से हराया।

कुन्हीकृष्णन को इसी साल की शुरुआत में पय्यन्नूर में मधुसूदनन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने के बाद माकपा से निष्कासित कर दिया गया था।

समझौते के तहत यह सीट यूडीएफ की घटक रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) को आवंटित की गई थी। लेकिन उसने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा और कुन्हीकृष्णन को समर्थन दिया।

चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद कुन्हीकृष्णन ने कहा, ‘‘मैंने एक संघर्ष का हिस्सा बनने के लिए चुनाव लड़ा। मुझे चुनाव प्रचार के दौरान जनता का भरपूर समर्थन मिला। मतदान के बाद, हमें जीत की पूरी उम्मीद थी।’’

समर्थन देने के लिए यूडीएफ नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए कुन्हीकृष्णन ने कहा कि विपक्षी गठबंधन के एकजुट प्रयासों से ही यह जीत संभव हो सकी है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं संघर्ष के बाद माकपा से बाहर आया। मैं चाहता हूं कि वे सुधारात्मक कदम उठाएं। मुझे उम्मीद है कि पार्टी नेतृत्व इस फैसले से सीख लेगा और सुधार करेगा।’’

भाषा अविनाश अमित

अमित