टीवीके को समर्थन देने पर आज फैसला करेगी माकपा

Ads

टीवीके को समर्थन देने पर आज फैसला करेगी माकपा

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 11:35 AM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 11:35 AM IST

चेन्नई, आठ मई (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की सहयोगी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) शुक्रवार को इस बात पर निर्णय लेगी कि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को सरकार बनाने के लिए समर्थन देना है या नहीं।

पार्टी ने आज यहां एक बैठक बुलाई है जिसमें विजय की पार्टी की ओर से की गई अपील पर निर्णय लिया जाएगा। टीवीके ने राज्य में ‘एक नयी धर्मनिरपेक्ष’ सरकार बनाने के लिए समर्थन देने का अनुरोध किया है।

माकपा की तमिलनाडु इकाई के सचिव पी. षणमुगम ने विजय द्वारा तत्काल मुख्यमंत्री पद संभाले जाने का पुरजोर समर्थन किया है।

उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से विजय को सरकार बनाने की अनुमति देने का आग्रह किया है, क्योंकि उनकी पार्टी 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।

षणमुगम ने एक बयान में कहा, ‘‘केवल टीवीके नेता सी. जोसफ विजय ने ही सरकार बनाने का दावा पेश किया है। भाजपा राज्यपालों के माध्यम से संविधान के विरुद्ध जाकर अपने राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए उनका इस्तेमाल कर रही है। इसी क्रम में तमिलनाडु के राज्यपाल उन्हें पदभार ग्रहण करने के लिए आमंत्रित करने में देरी कर रहे हैं और इनकार कर रहे हैं। यह अस्वीकार्य है।’’

माकपा ने विधानसभा चुनाव में दो सीट जीती हैं।

भाषा शोभना रंजन

रंजन

ताजा खबर