तमिलनाडु के नये मंत्रिमंडल के आधे सदस्यों के खिलाफ दर्ज हैं आपराधिक मामले: एडीआर रिपोर्ट

Ads

तमिलनाडु के नये मंत्रिमंडल के आधे सदस्यों के खिलाफ दर्ज हैं आपराधिक मामले: एडीआर रिपोर्ट

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 08:22 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 08:22 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) तमिलनाडु में नवगठित मंत्रिमंडल के आधे मंत्रियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि 20 प्रतिशत मंत्रियों की संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक है। एसोसिएशन फोर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स (एडीआर) ने अपनी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।

एडीआर रिपोर्ट के अनुसार उसके विश्लेषण में सामने आया कि 10 मंत्रियों में से पांच (50 प्रतिशत) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामलों की घोषणा की है जबकि तीन (30 प्रतिशत) मंत्रियों ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले लंबित होने की सूचना दी है।

एडीआर का कहना है कि इन मंत्रियों में मात्र एक महिला है।

रिपोर्ट के मुताबिक दो (20 प्रतिशत) मंत्रियों की संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक है, जिनमें मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सबसे धनी हैं। विजय की कुल संपत्ति 648.85 करोड़ रुपये है। मंत्रिमंडल की औसत संपत्ति 126.50 करोड़ रुपये है।

सबसे कम घोषित कुल संपत्ति वाली मंत्री कीर्तना एस हैं, जिनकी संपत्ति 22.57 लाख रुपये है। उन्होंने शिवकाशी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीता है।

रिपोर्ट के मुताबिक तीन मंत्रियों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता आठवीं से बारहवीं कक्षा के बीच बताई है, जबकि सात मंत्रियों ने कहा कि उन्होंने स्नातक या उससे अधिक पढ़ाई की है।

एडीआर की एक पिछली रिपोर्ट में 233 विजयी उम्मीदवारों के हलफनामों का विश्लेषण किया गया था। उसमें कहा गया था कि 126 (54 प्रतिशत) उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की बात स्वीकार की है, जबकि 56 (24 प्रतिशत) गंभीर आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे हैं।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश