एमएलसी चुनाव में क्रॉस वोटिंग : कर्नाटक के शीर्ष भाजपा नेताओं ने पार्टी प्रमुख नवीन को जानकारी दी

Ads

एमएलसी चुनाव में क्रॉस वोटिंग : कर्नाटक के शीर्ष भाजपा नेताओं ने पार्टी प्रमुख नवीन को जानकारी दी

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 07:55 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 07:55 PM IST

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा सहित राज्य के शीर्ष पार्टी नेताओं ने मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की और उन्हें हाल ही में हुए राज्य विधान परिषद चुनावों में कथित क्रॉस-वोटिंग के बारे में जानकारी दी।

नवीन ने चुनावों में कथित क्रॉस-वोटिंग पर कड़ी नाराजगी जताते हुए पिछले हफ्ते विजयेंद्र और भाजपा की कर्नाटक इकाई के अन्य वरिष्ठ नेताओं को तलब किया था।

सूत्रों ने बताया कि यहां भाजपा मुख्यालय में नवीन के साथ हुई बैठक के दौरान कर्नाटक के भाजपा नेताओं ने चुनाव में क्रॉस-वोटिंग के बारे में विस्तार से शुरुआती जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि कर्नाटक भाजपा के नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सूचित किया कि मामले की जांच करने और क्रॉस-वोटिंग करने वाले विधायकों की पहचान करने के लिए एक तथ्यान्वेषी समिति बनाई गई है।

कर्नाटक के एक भाजपा नेता ने बताया, ‘‘केंद्रीय नेतृत्व ने हमसे और जानकारी मांगी है और यह साफ कर दिया है कि चुनावों में क्रॉस-वोटिंग करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।’’

सूत्रों के मुताबिक, नवीन ने कर्नाटक के भाजपा नेताओं से राज्य में पार्टी को और मजबूत करने के लिए कदम उठाने को भी कहा।

बैठक में विजयेन्द्र के अलावा, कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा विधायक आर. अशोक, पार्टी के राज्य महासचिव एन. रवि कुमार और अन्य नेता भी मौजूद थे।

कर्नाटक में डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद हुए पहले चुनावी मुकाबले में,सत्तारूढ़ कांग्रेस ने विधान परिषद की सात सीट के लिए हुए चुनाव में पांच पर जीत दर्ज की जबकि विपक्षी भाजपा के खाते में दो सीट आई थी।

सूत्रों ने बताया कि चुनाव में पड़े मतों से सामने आया कि भाजपा और उसकी सहयोगी जनता दल (सेक्युलर) के विधायकों ने कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में क्रॉस-वोटिंग की। सत्तारूढ़ कांग्रेस को 151 वोट मिले, जो उम्मीद के मुताबिक 140 वोटों से 11 ज्यादा थे।

हालांकि, भाजपा ने जिन दो सीट पर चुनाव लड़ा, उन पर जीत हासिल की, लेकिन पार्टी को जितने वोट मिलने चाहिए थे, उससे चार वोट कम मिले।

भाषा

धीरज संतोष

संतोष