उलानबातर, 23 जून (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को मंगोलिया में भारत की मदद से बन रही 1.7 अरब डॉलर की रिफाइनरी परियोजना के निर्माण स्थल का दौरा किया और इस “अहम मैत्री पहल” के तहत जारी काम की समीक्षा की।
जयशंकर दो देशों की यात्रा के पहले चरण में मंगोलिया में हैं।
‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, जयशंकर ने कहा कि उन्होंने अपनी मंगोलियाई समकक्ष बैटसेटसेग बटमुंख और उद्योग एवं खनन मंत्री गोंगोर डमदिनन्याम के साथ मंगोल रिफाइनरी परियोजना के निर्माण स्थल का दौरा किया।
उन्होंने कहा, “भारत-मंगोलिया मैत्री की यह अहम परियोजना लगातार आगे बढ़ रही है। इसमें शामिल अलग-अलग टीमों के साथ जारी कामों की स्थिति की समीक्षा की गई।”
जयशंकर ने परियोजना स्थल पर भारतीय और मंगोलियाई कर्मचारियों से भी बातचीत की और मुश्किल हालात में इतनी बड़ी परियोजना को पूरा करने में उनके “समर्पण और प्रतिबद्धता” के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, ‘मंगोल ऑयल रिफाइनरी प्रोजेक्ट’ को भारत सरकार द्वारा दी गई 1.7 अरब अमेरिकी डॉलर की ‘ऋण सुविधा’ की मदद से लागू किया जा रहा है और यह “मंगोलिया की टिकाऊ ऊर्जा रणनीति का एक अहम हिस्सा और प्रमुख पहल” है।
मंगोलिया से, जयशंकर अपनी यात्रा के आखिरी चरण के लिए बुधवार को कोरिया गणराज्य जाएंगे।
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश