तिरुवल्लूर (तमिलनाडु), 22 जून (भाषा) तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक निजी ‘फिश मील’ निर्यात कारखाने की उत्पादन इकाई में हुए अमोनिया गैस रिसाव हादसे में तीन और महिलाओं की मौत हो गई है जिसके बाद मृतकों की संख्या पांच हो गई है। राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से सोमवार को यह जानकारी दी गई।
यह घटना पेरियापालयम के निकट कनिगैपेयर गांव में हुई। इस घटना के बाद अब भी 67 लोग विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
विभाग द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, यह औद्योगिक दुर्घटना 21 जून को पेरियापालयम के पास कनिगैपेयर और मंजंगारनई क्षेत्र में नियमित कामकाज के दौरान हुई, जिसकी चपेट में आने से कुल 74 श्रमिक प्रभावित हुए थे।
विज्ञप्ति में बताया गया कि 21 जून की रात आठ बजे तक दो मौतों की पुष्टि हुई थी, जबकि रातभर में तीन और श्रमिकों ने दम तोड़ दिया। इलाज के बाद दो लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
गैस रिसाव के तुरंत बाद आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया टीम, जिला प्रशासन के अधिकारियों, पुलिस और दमकल एवं बचाव सेवाओं को तुरंत घटना स्थल पर तैनात किया गया।
वर्तमान में निगरानी में रखे गए 67 मरीजों का इलाज चार अलग-अलग चिकित्सा केंद्रों में किया जा रहा है, जिनमें से कई मरीजों को गहन चिकित्सा सहायता की आवश्यकता है।
वेल्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 29 मरीज भर्ती हैं, जिनमें से आठ वेंटिलेटर पर हैं, 11 ऑक्सीजन सपोर्ट पर गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं, और 10 मरीजों की स्थिति स्थिर है।
वेंकटेश्वर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 18 मरीजों का उपचार किया जा रहा है, जिनमें आठ वेंटिलेटर पर हैं और 10 की हालत स्थिर है।
स्टैनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 10 मरीजों का उपचार किया जा रहा है, जिनमें से पांच वेंटिलेटर पर हैं, एक एनआईवी पर है और चार स्थिर हैं।
इसके अलावा, चेन्नई के राजीव गांधी सरकारी सामान्य अस्पताल (आरजीजीजीएच) में अन्य 10 मरीजों का इलाज हो रहा है, और ये सभी इस समय वेंटिलेटर पर हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि गैस रिसाव के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा