ईडी ने एक्सालॉजिक धनशोधन जांच के तहत सीएमआरएल के वित्त प्रमुख से पूछताछ की

Ads

ईडी ने एक्सालॉजिक धनशोधन जांच के तहत सीएमआरएल के वित्त प्रमुख से पूछताछ की

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 11:54 AM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 11:54 AM IST

कोच्चि, 22 जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को सीएमआरएल के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) से पूछताछ की। यह कार्रवाई सीएमआरएल और अब बंद हो चुकी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के बीच कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़ी धनशोधन जांच के तहत की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह कंपनी केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी के स्वामित्व वाली थी।

खनन कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) के मुख्य वित्त अधिकारी सुरेश कुमार सोमवार सुबह कोच्चि स्थित ईडी कार्यालय में पेश हुए।

ईडी के सूत्रों के अनुसार, यह पूछताछ महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि कुमार सीएमआरएल और एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस के बीच हुए वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड संभालने के लिए जिम्मेदार थे।

ईडी ने आने वाले दिनों में पूछताछ के लिए सीएमआरएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी तलब किया

अधिकारियों के अनुसार, ईडी ने वीणा टी. को 29 जून को एक और दौर की पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया है। इससे पहले उनसे पिछले सप्ताह प्रारंभिक पूछताछ हो चुकी है।

ईडी की जांच उन आरोपों से संबंधित है जिनमें कहा गया है कि सीएमआरएल ने वीणा के स्वामित्व वाली कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड को बिना किसी सेवा के कुल 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया।

एजेंसी के अनुसार, एक अन्य कंपनी एम्पावर इंडिया कैपिटल इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, जिसका संचालन सीएमआरएल के प्रबंध निदेशक शशीधरन कर्था करते हैं, ने भी एक्सालॉजिक को 50 लाख रुपये का ऋण दिया था, जबकि आरोप है कि यह कंपनी समय पर यह ऋण चुकाने में विफल रही।

ईडी ने आरोप लगाया है कि वीणा और सीएमआरएल के प्रबंधन ने इन लेन-देन के माध्यम से ‘‘अपराध से धन अर्जित’’ किया।

एजेंसी ने यह मामला धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया, जो अप्रैल 2025 में एर्नाकुलम की एक अदालत में गंभीर कपट अन्वेषण कार्यालय द्वारा दायर अभियोजन शिकायत पर आधारित था।

भाषा शोभना वैभव

वैभव