नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) बाहरी दिल्ली के निहाल विहार स्थित अपने आवास पर 30 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे घटना की सूचना दी गई। पुलिस को फोन करने वाले शख्स शकील सैफी ने कहा कि उनके बेटे फैज सैफी ने खुद को गोली मार ली है।
पुलिस ने कहा कि परिवार फ़ैज़ को पश्चिम विहार के बालाजी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल के शवगृह में भेजा गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, अपराध टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिया। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान प्रचेता मनीषा
मनीषा