दिल्ली: 508 किलो नकली पनीर नष्ट किया गया, त्योहारों के मौसम से पहले खाद्य सुरक्षा जांच तेज

दिल्ली: 508 किलो नकली पनीर नष्ट किया गया, त्योहारों के मौसम से पहले खाद्य सुरक्षा जांच तेज

दिल्ली: 508 किलो नकली पनीर नष्ट किया गया, त्योहारों के मौसम से पहले खाद्य सुरक्षा जांच तेज
Modified Date: August 24, 2026 / 08:17 pm IST
Published Date: August 24, 2026 8:17 pm IST

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारी सीजन से पहले राष्ट्रीय राजधानी में जांच अभियान तेज करते हुए ओखला सब्जी मंडी में करीब 508 किलोग्राम मिलावटी पनीर नष्ट किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, विभाग ने पिछले दो दिनों में विभिन्न जिलों से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के 22 नमूने भी लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए निर्धारित प्रयोगशालाओं में भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति “कतई बर्दाश्त नहीं करने” की नीति अपनाएगी।

सिंह ने कहा, “त्योहार खुशी और उत्सव का समय होते हैं और हर परिवार को खाद्य पदार्थों की सुरक्षा की चिंता किए बिना त्योहार मनाने का अधिकार है।”

उन्होंने कहा कि खाद्य गुणवत्ता से समझौता करने या उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने बताया कि हर जिले में विशेष टीमें तैनात की गई हैं, जो खाद्य प्रतिष्ठानों, बाजारों और आपूर्ति केंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई कर रही हैं।

विभाग ने बताया कि ओखला में जब्त किए गए मिलावटी पनीर के मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों एवं विनियमों के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में जांच अभियान जारी रहेगा। इसमें केवल कार्रवाई पर ही नहीं, बल्कि खाद्य आपूर्ति श्रृंखला की निगरानी पर भी ध्यान दिया जाएगा ताकि असुरक्षित और घटिया उत्पाद उपभोक्ताओं तक न पहुंच सकें।

विभाग ने मिलावटी या असुरक्षित खाद्य उत्पादों के निर्माण, भंडारण, वितरण या बिक्री में शामिल निर्माताओं, आपूर्तिकर्ताओं और प्रतिष्ठानों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में