दिल्ली: बारिश के एक दिन बाद वायु गुणवत्ता में सुधार, एक्यूआई रहा ‘संतोषजनक’

Ads

दिल्ली: बारिश के एक दिन बाद वायु गुणवत्ता में सुधार, एक्यूआई रहा ‘संतोषजनक’

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 11:36 AM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 11:36 AM IST

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में एक दिन पहले हुई बारिश के बाद सोमवार को वायु गुणवत्ता में सुधार देखा गया और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘संतोषजनक’ श्रेणी में दर्ज किया गया।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं लोधी रोड में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक 16.8 डिग्री सेल्सियस, रिज में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली के कई इलाकों में रविवार को बारिश हुई थी।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटे के दौरान सफदरजंग में 0.4 मिलीमीटर (मिमी), लोधी रोड में 0.5 मिमी और आयानगर में 0.8 मिमी बारिश हुई जबकि पालम और रिज में हल्की बूंदाबांदी हुई।

बारिश के बाद दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ और एक्यूआई 97 दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगर सोमवार को 24 घंटे का औसत एक्यूआई ‘संतोषजनक’ श्रेणी में बना रहता है, तो यह इस वर्ष का पहला ऐसा दिन होगा जब दिल्ली की वायु गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में रहेगी।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मिध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा यासिर जितेंद्र

जितेंद्र