नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने मशहूर पंजाबी गायक गुरु रंधावा से कथित तौर पर जुड़े एक जिम पर गोलीबारी की। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के अनिल पंडित समूह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विक्रम सिंह ने बयान में बताया कि गोलीबारी पश्चिम विहार के पुष्कर एन्क्लेव स्थित ’24 एचएस फिटनेस’ जिम पर की गई।
अधिकारियों ने बताया कि यह जिम राजौरी गार्डन के रहने वाले दो लोगों का है, जबकि गुरु रंधावा ‘ब्रांड एंबेसडर’ के तौर पर इससे जुड़े हैं।
पुलिस ने बताया कि पश्चिम विहार पूर्व थाने में इस घटना के बारे में फोन से सूचना दी गई। शुरुआती जांच से पता चला कि मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात लोग वहां पहुंचे और जिम के कांच के हिस्से पर कई गोलियां चलाने के बाद भाग गए। उन्होंने अपने चेहरे ढके हुए थे।
पुलिस ने बताया कि कम से कम सात गोलियां चलाई गईं, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ।
गोलीबारी के तुरंत बाद, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के अनिल पंडित समूह से कथित रूप से जुड़े एक सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट किया गया। इस समूह ने हमले की ज़िम्मेदारी लेते हुए आरोप लगाया कि गुरु रंधावा ने गिरोह की पिछली चेतावनियों के बावजूद बॉलीवुड के एक अभिनेता के साथ करीबी संबंध बनाए रखे हैं।
इस पोस्ट में गायक और गिरोह के दूसरे कथित दुश्मनों को भी धमकी दी गई है कि वे चाहे कहीं भी छिप जाएं, उन्हें निशाना बनाया जाएगा। पुलिस ने कहा कि वे इस पोस्ट की सच्चाई की जांच कर रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय और जिला पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
आरोपियों का जल्द से जल्द पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान
नोमान वैभव
वैभव