नोएडा(उप्र),11 जून (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक निर्माणाधीन सोसाइटी में ऊंचाई से गिरने की वजह से दो मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दोनों मजदूर पश्चिम बंगाल के निवासी थे।
नॉलेज पार्क थाना के प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि अब्दुल समद (40) और रहीसुद्दीन हक (25) निर्माणाधीन एटीएस सोसाइटी में मजदूरी करते थे।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर दोनों काम करते समय असंतुलित होकर ऊंचाई से नीचे गिर गए।
सिंह ने बताया कि दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिंह ने बताया कि इस प्रकरण की जांच की जा रही है।
वहीं, निर्माणाधीन सोसाइटी में काम कर रहे मजदूरों ने आरोप लगाया है कि सुरक्षा के उचित प्रबंध नहीं किए गए थे, जिसकी वजह से दोनों मजदूर हादसे के शिकार हुए।
थाना प्रभारी ने कहा कि मृतकों के परिजनों की शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पूरे प्रकरण की सभी कोण से जांच की जाएगी।
भाषा सं
मनीषा धीरज
धीरज