मैं मुश्किल समय में ममता बनर्जी का साथ नहीं छोड़ूंगा: तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा

Ads

मैं मुश्किल समय में ममता बनर्जी का साथ नहीं छोड़ूंगा: तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 03:49 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 03:49 PM IST

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बृहस्पतिवार को कहा कि मुश्किल समय में वह पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी का साथ नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जब वह एक कठिन दौर से गुजर रहे थे, तब ममता बनर्जी उनके साथ खड़ी रहीं थीं।

आसनसोल लोकसभा सीट से सांसद सिन्हा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिये एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि कुछ लोग मजबूरी, डर या प्रलोभन के कारण बनर्जी का साथ छोड़ सकते हैं, लेकिन उनका सैद्धांतिक रुख यह है कि वह न तो पार्टी को छोड़ेंगे और न ही उसके नेता को।

सिन्हा ने कहा, ‘‘मैं ममता बनर्जी का साथ उनके मुश्किल समय में नहीं छोड़ूंगा। जब मैं पटना में चुनाव हारने के बाद कठिन दौर से गुजर रहा था, तब वह मेरे साथ खड़ी थीं।’’

उन्होंने कहा कि बनर्जी एक जुझारू नेता हैं। उन्होंने हाल में राज्य में हुए विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पास अभी भी पश्चिम बंगाल में मत हिस्सेदारी 41 प्रतिशत है।

सिन्हा ने कहा, ‘‘मैं उन लोगों का आभारी हूं जिन्होंने मुझे तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया, लेकिन मेरा सैद्धांतिक रुख यह है कि मुझे इस समय ममता बनर्जी के साथ खड़ा रहना चाहिए।’’

विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के विधायक दल में फूट के साथ-साथ उसके ज्यादातर सांसदों ने भी बागी तेवर अपना लिये हैं।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश