महिला केंद्रित होगा दिल्ली भाजपा का घोषणापत्र, संपत्ति कर में छूट की हो सकती है पेशकश : पार्टी नेता

Ads

महिला केंद्रित होगा दिल्ली भाजपा का घोषणापत्र, संपत्ति कर में छूट की हो सकती है पेशकश : पार्टी नेता

  •  
  • Publish Date - November 23, 2022 / 08:34 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:49 PM IST

नयी दिल्ली, 23 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई एमसीडी चुनावों के लिए अपने घोषणापत्र में ‘फेसलेस’ नागरिक सेवाओं की आपूर्ति, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने और संपत्ति कर में महिलाओं को छूट देने का वादा कर सकती है। पार्टी नेताओं ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि पार्टी जोर देगी कि शहर के रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी हरित दिल्ली के लिए हरित पहल करें।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि अगर पार्टी दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव जीतती है तो वह शहर में 100 से अधिक पार्किंग स्थल विकसित करेगी और पार्किंग की समस्या समाप्त करेगी।

इससे पहले, दिल्ली भाजपा ने झुग्गीवासियों को फ्लैट देने का वादा करते हुए ‘वचन पत्र’ जारी किया था, जिस प्रकार हाल ही में कालकाजी इलाके में भूमिहीन कैंप जेजे क्लस्टर को 3,024 फ्लैट सौंपे गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विज्ञान भवन में एक समारोह में ‘जहां झुग्गी वहीं मकान’ के कुछ लाभार्थियों को फ्लैट की चाबियां दी थीं।

पार्टी की एमसीडी चुनाव घोषणापत्र समिति के संयोजक सतीश उपाध्याय ने कहा कि दस्तावेज के महिला केंद्रित होने की उम्मीद है और महिलाओं से जुड़ी कई घोषणाएं की जा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि लड़कियों की शिक्षा को प्रोत्साहन और हरित एवं स्वच्छ दिल्ली का समर्थन करने वाले उपायों की भी उम्मीद है।

उपाध्याय ने पिछले हफ्ते घोषणा की थी कि अगर भाजपा एमसीडी चुनाव में जीत हासिल करती है, तो वह शहर के लोगों को नागरिक सेवाओं की ‘फेसलेस’ आपूर्ति के लिए एक ऐप विकसित करेगी।

दिल्ली भाजपा ने अपने घोषणापत्र के मसौदे के लिए लोगों से प्रतिक्रिया मांगी थी और उसे 60,000 से अधिक सुझाव प्राप्त हुए।

भाषा अविनाश माधव

माधव