नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कहा कि चाणक्यपुरी मोड़ के पास सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की एक बस और एक वैन के बीच मामूली टक्कर हो गई। उसने बताया कि इस हादसे में वैन के चालक को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे उस संदेश को भ्रामक बताया, जिसमें दावा किया जा रहा है कि राजेंद्र नगर चौक पर सेना की एक बस गलत दिशा में तेज गति से चलाई जा रही थी और उसने डिवाइडर को पार करके कई गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे कई लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, असल में अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे राजेंद्र नगर थाने को मंदिर मार्ग गोल चक्कर के पास सड़क हादसे की सूचना मिली।
अधिकारियों ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि चाणक्यपुरी (चैम्बरी) मोड़ के पास एक वैन और बीएसएफ की बस के बीच मामूली टक्कर हो गई।
उन्होंने बताया कि वैन के चालक को मामूली चोटें आईं और उसे मेडिकल जांच के लिए पीसीआर वैन से राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, घटना में किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल दावे तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक हैं।
भाषा
नोमान नोमान पारुल
पारुल