कोलकाता, 23 जून (भाषा) बंगाल और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टीम दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल के खिलाफ एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें शादी करने का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट करने और आपराधिक धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि वह मामले की जांच कर रही है।
पूर्व में भारतीय ए टीम के साथ ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया का दौरा कर चुके पोरेल ने सभी आरोपों का पुरजोर खंडन किया है।
महिला और उसकी मां ने मंगलवार को हुगली जिले के मोगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया कि दोनों के पिछले तीन साल से संबंध थे और पिछले साल उनके बीच मतभेद हो गए, जिसके बाद पोरेल ने कथित तौर पर उससे ‘दूरी’ बनानी शुरू कर दी।
महिला ने आरोप लगाया कि पोरेल ने उससे शादी करने का वादा किया था, लेकिन अब वह ऐसा करने को तैयार नहीं है।
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि पोरेल ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, मारपीट की और आपराधिक धमकी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमें शिकायत मिली है और जांच शुरू कर दी गई है।’’
पोरेल फिलहाल बेंगलुरु में हैं लेकिन उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया और उन्हें फर्जी बताया। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ने अब तक उनसे संपर्क नहीं किया है।
पोरेल (23) ने कहा कि पुलिस की शुरुआती जांच पूरी होने के बाद वह विस्तार से जवाब देंगे।
बाएं हाथ के बल्लेबाज़ पोरेल वर्ष 2023 से इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं। पिछले सीजन में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए चार पारियों में 108 रन बनाए थे।
भाषा संतोष जोहेब
जोहेब