नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को उत्तर दिल्ली के एक सरकारी स्कूल का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों को बुनियादी सुविधाओं, अवसंरचना और शैक्षिक व्यवस्था में आवश्यक सुधारों की सूची प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री रूप नगर स्थित राजकीय सर्वोदय विद्यालय पहुंचीं जहां उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत की और उनसे सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और स्कूल प्रशासन से आवश्यक सुधार कार्यों की विस्तृत सूची मांगी गई है।
गुप्ता ने कहा उन्होंने विद्यार्थियों के साथ लंबी बातचीत में उनसे पेयजल, अग्नि सुरक्षा, स्वच्छता, गर्मी के दौरान दी जा रही सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘दिल्ली के सरकारी स्कूल वर्षों से कुव्यवस्था, बदहाल अवसंरचना और मूलभूत सुविधाओं की कमी की मार झेल रहे थे, लेकिन पिछले एक साल से हम लगातार स्कूलों में आवश्यक सुविधाएं मजबूत करने, अवसंरचना सुधारने और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण सुनिश्चित करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं।’’
भाषा नोमान नोमान शफीक
शफीक