दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग का पुनर्गठन, ओम प्रकाश व्यास अध्यक्ष नियुक्त

Ads

दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग का पुनर्गठन, ओम प्रकाश व्यास अध्यक्ष नियुक्त

  •  
  • Publish Date - July 7, 2026 / 10:12 PM IST,
    Updated On - July 7, 2026 / 10:12 PM IST

नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) दिल्ली सरकार ने मंगलवार को दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग (डीसीपीसीआर) का पुनर्गठन करते हुए ओम प्रकाश व्यास को इसका अध्यक्ष नियुक्त किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में बताया कि व्यास के अलावा, राहुल गौतम, कुन्दन कानस्कर, स्वाति गुप्ता और मोनिका शर्मा को आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्तियां उनके कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी।

आयोग में ये पद करीब तीन साल से खाली थे।

बयान के अनुसार, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के माध्यम से डीसीपीसीआर का पुनर्गठन करते हुए आयोग में एक अध्यक्ष और चार सदस्यों की नियुक्ति की गई है। ये नियुक्तियां बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम, 2005, दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग नियम, 2008 और केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी संबंधित अधिसूचना के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए की गई हैं।

बयान में कहा गया है कि अध्यक्ष और सदस्यों का कार्यकाल तीन साल है। यदि इससे पहले निर्धारित आयु सीमा पूरी हो जाती है तो कार्यकाल उसी दिन समाप्त हो जाएगा। आयोग के अध्यक्ष के लिए अधिकतम आयु 65 वर्ष और सदस्यों के लिए 60 वर्ष निर्धारित की गई है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना और उनका कल्याण सुनिश्चित करना दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि डीसीपीसीआर को मजबूत करना बच्चों के अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

गुप्ता ने विश्वास जताया कि आयोग का नया नेतृत्व बच्चों के हितों की रक्षा करते हुए और उनके समग्र विकास में सहयोग करते हुए संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम करेगा।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश