नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में एक मंजिला मकान की छत गिरने से एक दंपति की मौत हो गई। हालांकि, हादसे में एक बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया । पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना रविवार रात करीब 10 बजे न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र के जेपी नगर में हुई।
उन्होंने बताया कि दंपति किराए के मकान में था तभी घर की छत अचानक ढह गयी जिससे वे मलबे में फंस गए।
पुलिस ने बताया कि इमारत गिरने की सूचना मिलने के बाद पुलिस के अलावा दमकलकर्मी और बचाव दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दंपति को मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनके मुताबिक, मृतकों की पहचान टिंकू (32) और उसकी पत्नी उर्मिला (30) के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि छत ढहने का कारण अब तक पता नहीं चल पाया है। घटना की जांच की जा रही है।
इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता देने, घटना की गहन जांच सुनिश्चित करने और सभी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि बचाव और आपातकालीन टीमों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और खोज अभियान से पुष्टि हुई है कि मलबे में कोई भी दबा हुआ नहीं है।
इसमें कहा गया है कि दिल्ली सरकार घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मकान मालिक वीरेंद्र कुमार के खिलाफ न्यू उस्मानपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) धारा 290(इमारतों को गिराने, मरम्मत करने या निर्माण करने आदि के संबंध में लापरवाही भरा आचरण) और 106 (1) (लापरवाही से मौत) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन