दिल्ली: ऑनलाइन सेवाओं का लाभ देने के लिए ईडीएमसी स्थापित करेगा सहायता केंद्र

Ads

दिल्ली: ऑनलाइन सेवाओं का लाभ देने के लिए ईडीएमसी स्थापित करेगा सहायता केंद्र

  •  
  • Publish Date - July 2, 2021 / 11:20 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:44 PM IST

नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईडीएमसी), संपत्ति कर जमा करने तथा जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र का आवेदन करने जैसी विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं से लोगों को अवगत कराने के लिए अपने 64 वार्डों में 782 सहायता केंद्र स्थापित करेगा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह केंद्र, नागरिक सेवा केंद्रों (सीएससी) के रूप में छोटे साइबर कैफे की भांति काम करेंगे जहां लोग मामूली शुल्क चुकाकर निकाय संस्था की ऑनलाइन सेवा का लाभ ले सकेंगे। ईडीएमसी के महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि इन केंद्रों से उन लोगों की सहायता हो सकेगी जिनके पास ऑनलाइन सेवा प्राप्त करने के लिए कम्प्यूटर, मोबाइल सुविधा नहीं हैं।

उन्होंने बताया कि जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के पंजीकरण के लिए 10 रुपये, तहबाजारी के लिए 30 रुपये, संपत्ति कर चुकाने के लिए 50 रुपये शुल्क तय किये गए हैं। ईडीएमसी आयुक्त विकास आनंद ने कहा, ‘‘प्रत्येक वार्ड में लगभग 11-12 सीएससी स्थापित किये जायेंगे। इससे नागरिक सेवाओं तक पहुंच और पारदर्शिता बढ़ेगी। इन सुविधाओं को एनआईसी और सीएससी ई गर्वनेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के सहयोग से ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा।’’

भाषा यश आशीष

आशीष