दिल्ली: मिठाई की दुकान से 3.85 लाख रुपये की चोरी करने का आरोपी कर्मचारी पकड़ा गया

Ads

दिल्ली: मिठाई की दुकान से 3.85 लाख रुपये की चोरी करने का आरोपी कर्मचारी पकड़ा गया

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 06:23 PM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 06:23 PM IST

नयी दिल्ली, दो मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में मिठाई की दुकान में काम करने वाले एक व्यक्ति को नियोक्ता के 3.85 लाख रुपये चोरी करने के आरोप में मध्यप्रदेश के ग्वालियर से पकड़ा गया है। एक अधिकारी ने यहां शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में एक मिठाई की दुकान में बतौर सहायक काम करने वाले एवं ग्वालियर निवासी संजय शर्मा (47)के रूप की गई है।

पुलिस के मुताबिक, यह मामला 29 अप्रैल को तब सामने आया जब दुकान मालिक ने ई-प्राथमिकी दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि दुकान में रखी नकदी गत रात चोरी हो गई है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने 28 अप्रैल को रात करीब नौ बजे अपनी दुकान बंद कर दी और अपने प्रबंधक और शर्मा को रात 10 बजे दुकान परिसर को बंद करने का निर्देश दिया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक उसी रात शर्मा ने चाबियां लेकर दोबारा दुकान खोली और ‘कैश बॉक्स’ में रखे 3.85 लाख रुपये लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने यह भी बताया कि यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘आरोपी के मोबाइल नंबर को ही प्रारंभिक सुराग मानते हुए टीम ने तकनीकी निगरानी और लगातार उसकी गतिविधि पर नजर रखीं। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। इसके बावजूद पुलिस टीम उसका पता लगाने में सफल रही।’’

पुलिस ने बताया कि आरोपी के अंततः मध्य प्रदेश के ग्वालियर में होने की जानकारी मिली। उसने बताया कि टीम ने एक अंतरराज्यीय अभियान चलाया और मामला दर्ज होने के 36 घंटों के भीतर उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने बताया कि उसके पास से 1,28,380 रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जबकि उसके बैंक खाते में लगभग 1.97 लाख रुपये जमा हैं। उसने बताया कि शर्मा के खाते से लेनदेन पर रोक लगा दी गई है।

भाषा

शुभम धीरज

धीरज