दिल्ली: द्वारका में गिरोह के सरगना समेत चार गिरफ्तार

Ads

दिल्ली: द्वारका में गिरोह के सरगना समेत चार गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 7, 2026 / 08:31 PM IST,
    Updated On - July 7, 2026 / 08:31 PM IST

नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) दिल्ली के द्वारका में एक नवगठित गिरोह के सरगना सहित चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास दो पिस्तौल, कारतूस और चाकू बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

आरोपियों की पहचान बिंदापुर इलाके के रहने वाले अमन उर्फ सुक्का (31), आकाश (22), अमन उर्फ हीरा (24) और ऋतिक (22) के रूप में हुई।

पुलिस ने कहा कि सूचना मिली थी कि वे हथियारों के साथ इलाके में घूम रहे हैं जिसके बाद चारों को दो जुलाई तड़के ओल्ड पंखा रोड पर सेवा भारती चौक के पास छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, कथित गिरोह का सरगना अमन पंजाब के एक कुख्यात गैंगस्टर से प्रभावित होकर अपना खुद का गिरोह बनाने की कोशिश कर रहा था।

जांचकर्ताओं ने कहा कि वह पहले हत्या के प्रयास, लूट और झपटमारी के मामलों में शामिल था और अपने आपराधिक नेटवर्क का विस्तार करने के लिए युवाओं की भर्ती कर रहा था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘अमन अपना खुद का गिरोह बनाने की कोशिश करने से पहले एक स्थानीय गिरोह में शामिल हो गया था और इलाके में दबदबा स्थापित करने के लिए उसने कथित तौर पर अवैध हथियार खरीदे थे।’

पुलिस ने बताया कि आकाश और ऋतिक के खिलाफ भी पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि बाकी आरोपियों के इतिहास की जांच की जा रही है।

भाषा नोमान

नोमान पवनेश

पवनेश