दिल्ली सरकार ने ईद पर जानवरों की बिक्री और कुर्बानी की निगरानी के लिए टीमें गठित की

Ads

दिल्ली सरकार ने ईद पर जानवरों की बिक्री और कुर्बानी की निगरानी के लिए टीमें गठित की

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 10:46 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 10:46 PM IST

नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) दिल्ली सरकार ने ईद-उल-अजहा से पहले राष्ट्रीय राजधानी के सभी 13 जिलों में त्वरित प्रतिक्रिया दल गठित किए हैं, जिनका उद्देश्य पशुओं के परिवहन, बिक्री और कुर्बानी पर नजर रखना और पशु कल्याण नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना है।

एक बयान के अनुसार, विकास मंत्री कपिल मिश्रा के निर्देश पर पशुपालन इकाई के तहत गठित इन टीमों ने मंगलवार को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, उत्तर, मध्य, दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम दिल्ली के कई क्षेत्रों और बाजारों का निरीक्षण किया।

बयान के अनुसार, टीमों को निर्धारित दिशानिर्देशों के उल्लंघन के मामलों में तत्काल कार्रवाई करने का दायित्व सौंपा गया है।

मिश्रा ने कहा कि सरकार 28 मई को बकरीद के त्योहार के दौरान पशु कल्याण कानूनों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेगी।

उन्होंने कहा, “परामर्श में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि बकरीद के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध कुर्बानी की अनुमति नहीं दी जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं की खरीद-बिक्री पूरी तरह से प्रतिबंधित है।”

परामर्श के अनुसार, कुर्बानी केवल अधिकृत स्थानों पर ही की जा सकती है, सड़कों, गलियों या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नहीं।

मंत्री ने यह भी कहा कि शहर में गायों, बछड़ों, ऊंटों और अन्य प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह से प्रतिबंधित है और उन्होंने निवासियों से नियमों को लागू करने में अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अपील की।

भाषा राखी माधव

माधव