नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि सुशासन और कारोबार सुगमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने एकल खिड़की प्रणाली के तहत उपलब्ध 84 सेवाओं के निपटान की समय-सीमा कम कर दी है, जबकि कुछ अन्य सेवाएं तत्काल उपलब्धता मिलेगी।
गुप्ता ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में कारोबार करना और आसान बनाना, सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना तथा नागरिकों और व्यवसायों के लिए सरकारी प्रक्रियाओं को सरल करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सूचना एवं प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग के अध्ययन में 18 विभागों को शामिल किया गया और एकल खड़की प्रणाली पर उपलब्ध 95 प्रमुख सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा, “ अध्ययन के बाद काम करने की प्रक्रियाओं में कई जरूरी सुधार किए गए। इसका परिणाम यह हुआ कि एकल विंडो प्रणाली पर उपलब्ध 84 सेवाओं में आवेदन के निपटारे का समय कम कर दिया गया है। इतना ही नहीं, कुछ सेवाएं अब तुरंत उपलब्ध कराई जा रही हैं।”
एकल खिड़की प्रणाली एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां नागरिक और व्यवसाय विभिन्न लाइसेंस, परमिट, अनुमोदन और मंजूरी के लिए एक ही जगह ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और उन्हें प्राप्त कर सकते हैं।
भाषा नोमान
नोमान पवनेश
पवनेश